उचौलिया। रक्षाबंधन पर ससुराल आए शाहजहांपुर के युवक की शनिवार को हाईवे पर कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार सहित भाग गया।
जिला शाहजहांपुर के थाना सिंधौली के गांव चडारी निवासी परविंदर (38) पुत्र सोनपाल रक्षाबंधन पर पत्नी रूबी को लेकर उचौलिया थाना क्षेत्र के गांव बरनैया स्थित अपनी ससुराल आए थे। शाम करीब सात बजे वे अपने साले लालवीर की बाइक लेकर मोहदियापुर गए थे। लौटते समय बरखेरा तिराहे पर सड़क पार करते समय सीतापुर की ओर से आई तेज रफ्तार कार से उन्हें टक्कर लग गई। हादसे में परविंदर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी और ग्रामीणों ने परविंदर को एंबुलेंस से पसगवां सीएचसी पहुंचाया, जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परविंदर के दो बच्चे एक लड़का और लड़की है।