लखीमपुर खीरी। नगर के मोहल्ला सुभाषनगर में दबंगोें ने पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक को घर में घुसकर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। परिजन घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की है।
मोहल्ला सुभाषनगर निवासी रिंकी देवी ने तहरीर देकर बताया कि 20 दिन पहले पुत्र अमन कश्यप (25) से मोहल्ला कुंतीपुरम निवासी रवि त्रिवेदी और विनय त्रिवेदी का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसको लेकर आरोपी उनसे रंजिश मानते थे। बृहस्पतिवार रात करीब 11:30 बजे अमन सोने जा रहा था। इसी दौरान कुंतीपुरम निवासी विनय त्रिवेदी भाई रवि त्रिवेदी के साथ घर के दरवाजे पर आ धमका। दोनों गाली-गलौज करने लगे।
अमन के आरोपियों को घर से बाहर निकालने पर विनय ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगने से अमन तड़पने लगा। परिजन आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। अब अमन की हालत ठीक बताई जा रही है। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। अपराध इंस्पेक्टर हरिप्रकाश ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया है।