मझगईं। पूरनपुर में बाघ की हड्डियों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार मझगईं क्षेत्र के कंधरहिया गांव निवासी दो ग्रामीणों के परिजनों ने रविवार को कोठिया गांव निवासी एक युवक को सप्लायर बताते हुए पुलिस के सुपुर्द किया है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है।
पूरनपुर में बाघ की हड्डियों की तस्करी करते हुए कंधरहिया गांव निवासी अक्षय पुत्र रामअवतार व रामचंद्र पुत्र तेजी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के परिजन ने हड्डियों का सप्लायर बताते हुए अनिल को पकड़कर मझगईं पुलिस के हवाले किया है। साथ ही दोनों को पकड़वाने में अनिल का सहयोग होने का आरोप भी लगाया है। पकड़े गए अनिल के पिता विजयपाल पहले भीरा के कुंवरपुर में रहते थे, लेकिन 15 सालों से वह कोठिया में रह रहे हैं। उधर, पुलिस ने सुपुर्दगी में किए गए अनिल से पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विनोद सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है जिसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।