बिजुआ। लखीमपुर-पलिया हाईवे पर भीरा थाना क्षेत्र के मनमीतनगर महाविद्यालय के पास तीन वाहनों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई।
ग्राम पंचायत शाहपुर के मजरा पलियापुरवा निवासी राकेश कुमार का 18 वर्षीय पुत्र निर्मल कुमार रविवार शाम को अपने घर से भीरा खरीदारी करने बाइक से जा रहा था। रास्ते में भीरा की ओर से गन्ना भरा ट्रक और गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली आ रही थी। ट्रक चालक ने गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास किया तो सामने से आ रही निर्मल की बाइक से टकरा गई। हादसे में ट्रक का पहिया निर्मल के सिर से निकल गया और बाइक अगले पहिए में फंसकर घिसटती चली गई। वहीं ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए। चालक ट्रक को स्टार्ट हालत में ही छोड़कर भाग निकला। ट्रैक्टर चालक भी भाग निकला। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार गौतम ने मौके पर पहुंचकर मृतक के पास मिले कागजों से पता लगाकर परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।