लखीमपुर खीरी। सीएचसी-पीएचसी के आयुष्मान आरोग्य मेले में अव्यवस्थाएं हावी रहीं। सीएचसी रमियाबेहड़ में दोपहर करीब एक बजे चिकित्सक की कुर्सी खाली थी। महिला मरीज बेंच पर निढाल पड़ी थी। सीएमओ के निरीक्षण में शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोटैयाबाग में फार्मासिस्ट नदारद मिले। बेहजम सीएचसी परिसर में जगह-जगह जलभराव दिखा।
रविवार की दोपहर सीएचसी रमियाबेहड़ में चिकित्सक की कुर्सी खाली थी। पता चला कि चिकित्सक खाना खाने की बात कहकर गए हैं। परमेश्वरीपुरवा निवासी वीरपाल मौर्य काफी देर से चिकित्सक की तलाश कर रहे थे। बाद में डॉक्टर ने कक्ष संख्या-आठ में बैठकर मरीजों को परामर्श दिया। दवा लेने आईं सुआलल्ली बेंच पर लेटी थीं।
इसी दौरान उन्हें पर्चे के साथ बाहर की दवा की पर्ची थमा दी गई। चिकित्सक की खाली कुर्सी और बाहर की दवा के बारे में सीएचसी अधीक्षक डॉ. एमके शुक्ला ने बताया कि डॉक्टर विमल वर्मा की ड्यूटी थी। हो सकता है किसी गंभीर मरीज को देखने चले गए हों। जरूरी नहीं है कि हर समय कुर्सी पर ही बैठें। बाहर की दवा की पर्ची के विषय में उन्हें जानकारी नहीं है।
गंदगी देखकर सीएमओ ने जताई नाराजगी
सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओयल और नगरी स्वास्थ्य केंद्र गोटैयाबाग का निरीक्षण किया। गोटैयाबाग में तैनात फार्मासिस्ट प्रशांत राज अनुपस्थित मिले। यहां 26 मरीज देखे गए थे। पीएचसी ओयल में सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय तक 116 मरीज देखे गए थे। 20 विभिन्न रोगों से संबंधित जांचें भी की जा चुकी थीं। बारिश के कारण छत पर जमा पानी और गंदगी को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने छत की सफाई और ड्रेनेज पाइप भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सीएचसी परिसर में जलभराव
बेहजम। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहजम में आरोग्य मेले में डॉ. संदीप राजवंशी ने 49 मरीजों को का इलाज किया। आरोग्य मेले में अधिकांंश मरीज खांसी-जुकाम और दस्त से संबंधित थे। सीएचसी परिसर में जगह-जगह जलभराव हुआ। गंदगी की भरमार भी दिखी। प्रसव कक्ष के पड़ोस में कूड़े का ढेर लगा दिखा। डॉ. संदीप ने बताया कि भवन निर्माण चल रहा है। इसी वजह से गंदगी और जलभराव की समस्या है।
बेहजम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हुआ जलभराव। संवाद
बेहजम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हुआ जलभराव। संवाद
बेहजम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हुआ जलभराव। संवाद