ज्येष्ठ के आखिरी बड़े मंगल पर नगर और क्षेत्र के हनुमान मंदिरों पर सुंदरकांड पाठ हुआ तो हनुमानजी का शृंगार, पूजन, और आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। सब्जी मंडी स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर पर सवा 41 मन के देशी घी से बने लड्डू का भोग लगाया गया। मंदिर से शाम को शोभायात्रा निकली। सदर चौराहे पर पूर्व सांसद जफर अली नकवी, विधायक विनय तिवारी, कानपुर सीडीओ शंभु कुमार, प्रेमशंकर अग्रवाल, सांसद अजय मिश्र टेनी के भाई उमेश मिश्र आदि ने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शोभायात्रा में सबसे आगे विशाल ध्वज पताका लेकर कई लोग चल रहे थे। उसके पीछे पानी की टंकी से छिड़काव किया जा रहा था। उसके पीछे पुष्प वर्षा, ध्वज पताका लिए घुड़सवार, बैंडबाजा, श्रीगणेश, हाथी, शिव पार्वती, गंगावतरण, सूर्यदेव, मां अंजनी के साथ हनुमानजी, बावन भगवान, हनुमान जी और शिवजी की झांकी, मयूर नृत्य, लक्ष्मीनारायण सहित तमाम देवी देवताओं की झांकियां थीं। इस मौके पर समिति अध्यक्ष पारस प्रसाद मिश्र, शिवगोपाल गुप्ता, आनंद मिश्र, हरिओम भसीन, वेदप्रकाश गुप्ता, द्वारिका प्रसाद रस्तोगी, आनंद त्रिवेदी, अवनि कुमार पांडे, केके पांडे, कैलाश गुप्ता, बालकृष्ण बल्लू, जितेंद्र गट्टानी, गोपालकृष्ण शुक्ला, सुशील पांडे, श्रवण माहेश्वरी, पंकज हालन, दुर्गेश सोनी, पिंटू वाजपेयी, विजय शुक्ला रिंकू सहित तमाम श्रद्धालु मौजूद रहे। नगर में जगह जगह शोभायात्रा का श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।