पलियाकलां। एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया के साथ ही निदेशालय के निर्देश पर एक टीम मंगलवार को पलिया की मुंजहा स्थित हवाई पट्टी पर बाधा सीमा सतह (ऑबस्टेकल लिमिटेशन सरफेस) के तहत सर्वे करने के लिए पहुंची है। चार सदस्यीय टीम ने मंगलवार को यहां कई बिंदुओं पर काम किया। सर्वे का कार्य 09 जुलाई तक चलेगा।
हवाई पट्टी की स्थायी निगरानी और मूल्यांकन के लिए यह सर्वे का कार्य किया जा रहा है। जिसके तहत हवाई पट्टी के आसपास इमारतों के साथ ही अन्य बिंदुओं पर बारीकी से नजर रखने के बाद इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने का कार्य टीम करेगी। मंगलवार को पहुंची टीम का नेतृत्व पीके शर्मा कर रहे थे। चार सदस्यीय इस टीम ने पहले दिन आसपास के इलाके का बारीकी से जायजा लेने के साथ ही जमीनों को भी देखा।
इसके अलावा रनवे, रोड समेत भवन का निरीक्षण करने के बाद अपना सर्वे शुरू किया। बताया जाता है कि यह सर्वे करने के बाद टीम अन्य कई बिंदुओं पर काम करने के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने बताया कि चार सदस्यीय टीम यहां आई है, जिसने सर्वे का कार्य शुरू कर दिया है।