लखीमपुर खीरी। शहर के एक पैलेस में आयोजित हुए व्यापारियों के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ने व्यापारियों में जोश भर दिया। प्रदेश अध्यक्ष के साथ व्यापारियों ने पूरे शहर का भ्रमण किया। इसके बाद हुई बैठक में व्यापारियों ने मांग की कि जीएसटी काउंसिल में एक व्यापारी प्रतिनिधि रखा जाए।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने व्यापारियों की समस्याओं को लेकर व्यापारी स्वाभिमान यात्रा का आयोजन किया था। यात्रा कई शहरों का भ्रमण करते हुए खीरी पहुंची थी, जहां पर व्यापारियों ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा लालपुर बैरियर से शुरू होकर पूरे शहर में भ्रमण करती हुई एक होटल के समीप जाकर समाप्त हुई। इसके बाद एक पैलेस में व्यापारी महासम्मेलन हुआ।
सम्मेलन में पहुंचे व्यापारियों ने प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा सहित अन्य नेताओं को अपनी समस्याएं बताईं। व्यापारियों ने जीएसटी काउंसिल में एक व्यापारी प्रतिनिधि रखने की मांग की। साथ ही सभी प्रकार के लाइसेंस को आजीवन करने की मांग की। इस पर मुख्य अतिथि व अवध क्षेत्र के अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने सभी को आश्वासन दिया कि वह शासन से इसकी स्वीकृत करवाने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में शहर के 20 वरिष्ठ व्यापारियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले व्यापारियों में महेंद्र अजमानी, शिवकुमार अग्रवाल, रमेश गुप्ता, राज नारायण, घनश्याम दास तोलानी, दिनेश अवस्थी, राकेश बरनवाल, मधुरेश गुप्ता, फसाहत उल्ला खान, उषा दीक्षित, अरुण अग्रवाल, कौशल तिवारी, मुन्ना खान, बजरंग शर्मा, कैलाश नाथ अवस्थी सहित अन्य व्यापारी शामिल थे।