प्रशासन ने अब तक नहीं किए रोकथाम के उपाय
मझगईं। इलाके में शारदा का कटान जारी है, लेकिन प्रशासन ने इसकी रोकथाम के लिए कोई प्रयास नहीं किया है।
पिछले वर्ष जून माह में आई भयंकर बाढ़ में क्षेत्र का दुबहा गांव शारदा नदी ने पूरी तरह से काट कर नामोनिशान मिटा दिया था। दुबहा गांव के बाद शारदा नयापुरवा गांव की ओर रुख करके गांव के साथ खेतिहर जमीन को धीरे-धीरे काटकर नयापुरवा को भी लील जाने को आतुर है। शारदा ने रामऔतार, श्रीकेशन, गोकुल, बंशीलाल, रामसागर के घरों को काटने के साथ पूर्व प्रधान लियाकत खां की चार एकड़ जमीन, कल्लू की दो एकड़, रामपाल की दो एकड़, दिलावर की एक एकड़, तजमुल्ल की तीन बीघा, रियासत की दो बीघा, प्रदीप, विश्नू की एक-एक बीघा जमीन काट कर अपनी चपेट में ले लिया है। गांव वालों ने बताया कि प्रशासन की तरफ से बाढ़ के बाद अब तक मात्र दो बार कुछ लोगों को दो-दो पूड़ी के पैकेट के अलावा कुछ नहीं दिया है, जिससे लोगों में रोष है। गांव के लोगों ने नदी के कहर से बचाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन नहीं जागा तो दुबहा गांव की तरह नयापुरवा का भी वजूद खत्म हो जाएगा।