लोगों ने कहा, पुलिस नहीं करती गश्त
रजागंज। कोतवाली क्षेत्र में करनपुर खजुहा लिंक मार्ग पर शुक्रवार रात को दो युवकाें से नकाबपोश सशस्त्र बदमाशों ने नगदी, बाइक और मोबाइल लूट लिया।
गांव बैकुंठा निवासी दीप सिंह ने बताया कि वह रजबापुर अहिरान में अपनी रिश्तेदारी में बीमार पिता के इलाज के लिए उधार रुपये लेने गया था। रात लगभग साढ़े नौ बजे घर वापस आ रहा था कि करनपुर खजुहा लिंक मार्ग पर गांव ढकिया में सरकारी नलकूप के पास सात सशस्त्र नकाबपोश लुटेरों ने उसे रोक लिया और असलहों के बल पर उनकी बाइक, मोबाइल और इलाज के लिए लाए 20 हजार रुपये भी लूट लिए। वारदात के बाद लुटेरे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। दूसरी घटना में थाना फरधान के गांव खजुहा निवासी हिमांशु रात लगभग नौ बजे घर आ रहे थे। तभी करनपुर खजुहा लिंक मार्ग पर सरकारी नलकूप के निकट सात लुटेरों ने उसकी साइकिल रोककर ट्रेन की एमएसटी और 40 रुपये लूट लिए। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस गश्त नहीं करती है जिससे आए दिन लूट की वारदातें होती रहती हैं।