एसपी को शिकायती पत्र देकर इंसाफ की गुहार
लखीमपुर खीरी। शहर के सीमावर्ती मोहल्ले में रहने वाली एक युवती ने एसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि 17 नवंबर 2011 की रात्रि को उसे कोतवाली सदर से अगवा करके ग्राम जोधपुर थाना फूलबेहड़ ले जाया गया था, वहां नामजद आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। कुछ आरोपियों ने डराने धमकाने के साथ ही उसके साथ मारपीट भी की थी। आरोप है कि धनबल के बूते पर तत्कालीन एसआई राकेश चौरसिया ने जांच करने के बाद आरोपियों के पक्ष में फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी, लगातार संघर्ष करने के बाद अदालत के आदेश पर पुन: जांच कराने के आदेश हुए इस बार विवेचना एसआई रामसिंह पवांर को मिली तो उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तमाम धाराएं निकाल दी। गैंगरेप पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि हाईकोर्ट से आरोपियों को सरेंडर करने के लिए दिया गया समय भी समाप्त हो चुका है, इसके बावजूद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है न ही सही धाराएं लगाई है, स्थानीय पुलिस के रवैया पर रोष जाहिर करते हुए युवती ने एसपी को शिकायती पत्र दिया है, एसपी एसके सिंह ने युवती को समुचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए युवती को इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया है।