बेहजम। कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बिना पर्चा दवा लेने की जिद पर अड़े दो युवकों ने फार्मासिस्ट रविशंकर भार्गव से मारपीट की और काउंटर पर रखीं दवाएं फेंक दी। आरोप है कि युवकों ने मरीजों से संबंधी काउंटर पर रखा रजिस्टर भी फाड़ दिया। पुलिस को दी गई तहरीर में रविशंकर ने बताया कि दोनों युवक शुक्रवार की दोपहर दवा लेने पहुंचे लेकिन उनके पास डॉक्टर का लिखा पर्चा नहीं था, बावजूद इसके दोनों युवकों ने बिना पर्चा दवा देने का दबाव बनाते हुए विवाद शुरू कर दिया। रविशंकर ने दोनों युवकों से डॉक्टर का पर्चा लाने को कहा तो वे मारपीट करते हुए हंगामा काटने लगे। फार्मासिस्ट की तहरीर मिलने पर चौकी इंचार्ज समीर जावेद ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।