ममरी। वन रेंज मोहम्मदी महेशपुर क्षेत्र में 27 मार्च को शिवपुरी गांव के पास लगे शिकारियों के फंदे में फंसने से बाघ की मौत के बाद वन विभाग हरकत में आया है। बुधवार को मुख्य वन संरक्षक के प्रवीण राव महेशपुर पहुंचे और वन कर्मियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी को हिदायत दी कि वन्य जीवों की सुरक्षा में कहीं भी लापरवाही न बरती जाए। एप के जरिए वन कर्मी पैदल गश्त की डिटेल प्रतिदिन मुख्यालय को भेजें। यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो उसकी भी सूचना दें। इससे पहले फंदे में फंसने से बाघ की मौत के मामले की जांच के लिए बनी टीम ने घटना स्थल का जायजा लिया। इस दौरान डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के परियोजना अधिकारी रोहित रवि ने भी वन कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में एसडीओ सुरक्षाबल बीके आनंद, हेमेट ट्राइप्स कंधईलाल, रेंजर गोला बनारसी दास शाक्य, रेंजर मोहम्मद आरिफ आदि वन कर्मी मौजूद रहे।