पलियाकलां। चीनी मिल के जैविक खाद प्लांट में एक मजदूर मिक्सर मशीन से गिरकर बेहोश हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
अतरिया निवासी साबिर अली का 34 वर्षीय पुत्र शराफत खां चीनी मिल में जैविक खाद प्लांट में दिहाड़ी मजदूर था। सोमवार को करीब एक बजे वह प्लांट में कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह मिक्सर मशीन पर बैठ गया। मिल के पीआरओ सतीश श्रीवास्तव का कहना है कि शायद उसे नींद आ गई, जिससे वह मशीन से नीचे गिरकर बेहोश हो गया। आननफानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे होश में लाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। उधर, मृतक के भाई जान आलम ने पुलिस को तहरीर दी, जिसमें कहा गया है कि गांव का ही एक व्यक्ति मशीन चला रहा था। उन्हें संदेह है कि घटना के पीछे कुछ और भी वजह हो सकती है। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। इधर, मृतक के भाई ने बताया कि मृतक शराफत काफी कम बोल पाता था। उसकी पत्नी विकलांग है। मृतक के एक लड़का व तीन लड़कियां हैं। छोटे-छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है, जिनके पालन पोषण की जिम्मेदारी अब विकलांग पत्नी पर आ गई है। उधर, घटना की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल में जमा रही।