कॉस्मेटिक की दुकान में आग से लाखों का सामान जला
आग लगने के कारणों का नहीं चला पता
महेवागंज-सुंदरवल। फूलबेहड़ कस्बे की मेन बाजार स्थित एक जनरल मर्चेंट की दुकान में शुक्रवार रात अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग में करीब दो लाख रुपये कीमत का सामान जलकर राख हो गया। पड़ोसियों ने दुकानदार को सूचना दी और किसी तरह आग बुझाई। शहर लखीमपुर निवासी मो0 जाकिर की फूलबेहड़ चौराहे पर जनरल स्टोर और राज फोटो ग्राफर के नाम से दुकान है। जाकिर ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे किसी तरह दुकान में अचानक आग लग गयी। पड़ोसियों ने जब धुंआ देखा तो मौके पर पहुंचे और उन्हें जानकारी दी। पड़ोसियों ने शटर का ताला तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। जब तक आग को काबू करते करीब दो लाख का सामान जलकर राख हो गया। आग कैसे लगी यह अभी साफ नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि जिस वक्त आग लगने की बात कही जा रही है। उस समय बिजली भी नहीं थी। उन्होंने मामले की तहरीर पुलिस को दी है।