मितौली सीएचसी में डॉक्टर कक्ष के बाहर लगी मरीजों की भीड़ संवाद
मितौली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के गांवों में बुखार और मलेरिया के बढ़ते प्रकोप की वजह से सीएचसी में दिखाने आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। प्रतिदिन 500 से 600 मरीजों की ओपीडी हो रही है। क्षेत्र में एक माह 6247 मरीजों की जांच में 51 मलेरिया संक्रमितोें की पुष्टि हो चुकी है। वहीं सोमवार को सीएचसी में करीब 500 मरीजों की ओपीडी हुई, जिनमें 137 बुखार से पीड़ित थे।
सीएचसी मितौली के पर्चा और दवा काउंटर पर सोमवार को लंबी कतारें लगी रहीं। डॉक्टर कक्ष के बाहर मरीजों की काफी भीड़ रही। मरीजों को परामर्श और दवा लेने में डेढ़ से दो घंटे का समय लग गया। अस्पताल की पैथोलाॅजी भी मरीजों से भरी रही। सीएचसी पर अगस्त से अब तक 4569 लोगों की मलेरिया जांच की गई है, जिनमें 25 मरीज मलेरिया संक्रमित मिले हैं। क्षेत्र के 51 गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर दवाएं बांटी गईं। गांवों में शिविर लगाकर 1678 लोगों की जांच की गई, जिनमें से 26 मलेरिया संक्रमित पाए गए।
कुल मिलाकर मितौली सीएचसी क्षेत्र में अगस्त से अब तक 51 मलेरिया संक्रमित मिल चुके हैं। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि रोजाना 500-600 मरीज ओपीडी में आ रहे हैं। इसमें 150 से ज्यादा मरीज बुखार से पीड़ित हैं। जांच कर दवा दी जा रही है।
-
बुखार पीड़ितों के लिए बढ़ाए 10 बेड
मितौली सीएचसी पर 30 बेड की व्यवस्था है। बुखार व वायरल के चलते 10 और अस्थायी बेड की व्यवस्था की गई है। इसमें बुखार से पीड़ित मरीजों को भर्ती किया जाता है। सीएचसी पर 10 बेड बुखार से पीड़ित मरीजों के लिए, 9 बेड इमरजेंसी वार्ड में, 21 बेड प्रसव और जेएसवाई वार्ड के लिए सुरक्षित हैं।
मितौली सीएचसी में डॉक्टर कक्ष के बाहर लगी मरीजों की भीड़ संवाद