लखीमपुर खीरी। कस्टमर एप डाउनलोड कर उसमें लिखा नंबर बताते ही साइबर ठगों ने हाथीपुर कोठार निवासी सार्थक पुरी के खाते से 50 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने सदर कोतवाली में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
मोहल्ला हाथीपुर कोठार निवासी सार्थक पुरी ने सदर कोतवाली में दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि उसने एक टी-शर्ट का ऑनलाइन ऑर्डर दिया था। कुछ दिन बाद एक डिलीवरी मैन का फोन आया। खुद का नाम दीपक बताते हुए कहा कि ब्लूडार्ट आफिस से बोल रहा हूं। आपका सामान लखीमपुर आ गया है। डिलीवरी कंफर्म करने के लिए कस्टमर सपोर्ट नाम का डाउनलोड करें। एप में लिखा नंबर बताते ही उसके खाते से पचास हजार रुपये कट गए। पीड़ित ने उसके खाते से कटे रुपये जिस खाते में गए हैं, उसकी जानकारी भी पुलिस को दी है। बताया कि वह छात्र है। उच्च शिक्षा के लिए रुपये उधार लिए थे।
एप डाउनलोड के नाम पर हो रही है ठगी
साइबर ठगों ने एप के जरिए ठगी का नया तरीका निकाला है। एप डाउनलोड करने और लिंक भेजकर कई लोगों को चूना लगाया जा चुका है। कुछ दिन पहले एक युवक और उसके परिजनों से एक लाख से अधिक की ठगी की गई। धौरहरा इलाके के अमेठी गांव के कई लोगों से एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की गई है।