लखीमपुर खीरी। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा है कि सबसे पहले शहर की सफाई व्यवस्था चौबंद की जाएगी। जगह-जगह फैली गंदगी को दूर कराने के लिए जगह को चिन्ह्ति किया जाएगा, जहां पर कूड़े को डंप किया जाएगा। इसके लिए डीएम ने नगर विकास विभाग में काम करने के दौरान मिले अनुभवों का हवाला दिया है। उन्होंने शहर में स्थायी शेल्टर होम बनाने की बात कही है। कलक्ट्रेट सभागार में हुई प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि यह जिला प्रदेश के अन्य जिलों से अधिक प्राकृतिक संसाधनों से पूर्ण है। इसलिए क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने नगरीय निकाय क्षेत्रों में एलईडी लाइट लगवाने की बात कही है। उन्होंने गन्ना मूल्य भुगतान के बावत कहा है कि चीनी मिलों के भुगतान को लेकर समीक्षा की गई है। भुगतान समय से कराया जाएगा। शहर की समस्याओं के साथ ही ओवरलोडिंग, अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई कराने की बात कही है। शिकायतों का समय से निस्तारण कराने के सवाल पर डीएम ने कहा है कि जनसुनवाई के दौरान दर्ज किए गए मामलों के निस्तारण की समीक्षा की जाएगी। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आधार कार्ड से जरूरी सेवाओं के लिंक होने से भ्रष्टाचार में काफी कमी आई है। आने वाले समय में और बदलाव देखने को मिलेगा।