लखीमपुर खीरी। कोरोना को लेकर जिला जेल से शुक्रवार को 32 कैदी व 9 बंदी रिहा किए गए, जिससे बंदियों और कैदियों के परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। जेल अधीक्षक आरबी पटेल ने बताया कि शासन के आदेश पर गठित कमेटी की संस्तुति पर जिला जेल में निरुद्ध 32 कैदियों को पैरोल पर रिहा किया गया है। इसके अलावा सात साल से कम की सजा के मामलों में बंद 9 बंदियों को आठ हफ्ते की अंतरिम जमानत पर छोड़ा गया है। जेल अधीक्षक आरबी पटेल ने बताया कि सभी बंदियों को सैनिटाइज कराकर पुलिस के वाहनों से उनके थानों पर भेजा गया है। थानों की पुलिस ने परिवार वालो को बुलाकर बंदियों और कैदियों को उन्हें सौप दिया। जेल से अंतरिम जमानत पर रिहाई मिलने से बंदियों और कैदियों के परिवार वालों में खुशी का माहौल है।