लखीमपुर खीरी। शहर के 15 केंद्रों पर शुक्रवार को दो पालियों में पुलिस भर्ती परीक्षा कराई गई। दोनों पालियों को मिलाकर 3143 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग नहीं किया। परीक्षा के दौरान डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी गणेश प्रसाद साहा, एडीएम सहित अन्य अफसरों ने केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीसीटीवी से भी निगरानी होती रही।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी गणेश प्रसाद साहा ने जीआईसी, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज आदि केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। एडीएम संजय सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज, अब्दुल कलाम आजाद, इस्लामिया इंटर कॉलेज, भगवानदीन आर्यकन्या इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। पहली पाली में 4896 के सापेक्ष 3251 अभ्यर्थी पहुंचे। इस पाली में 1645 गैरहाजिर रहे।
दूसरी पाली में 3398 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। 1498 ने परीक्षा से किनारा कर लिया। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से थी, लेकिन अभ्यर्थियों का प्रवेश दो घंटे पहले सुबह आठ बजे ही शुरू हो गया। एक-एक परीक्षार्थी को जांच के बाद ही अंदर जाने दिया। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा तीन बजे थी, जिसका प्रवेश दोपहर एक बजे से हो गया था।
-
बोले अभ्यर्थी- कम पड़ गया समय
पुलिस भर्ती परीक्षा छूटने के बाद केंद्र से बाहर निकले अधिकांश अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली तो कुछ में मायूसी नजर आई। कुछ ने कहा पेपर बहुत अच्छा हुआ तो कुछ ने समय कम पड़ जाने और रिजनिंग के सवालों में उलझने की बात कही। कुछ अभ्यर्थियों ने पूर्व की परीक्षा के मुकाबले बेहतर पेपर होने की बात कही।
पेपर तो ठीक रहा। काफी अच्छे और पढ़े हुए सवाल आए, जिनका आसानी से उत्तर दिया गया। लेकिन कुछ सवालों में उलझ गए, जिसकी वजह से समय काफी बर्बाद हुआ। रिजनिंग के सवाल काफी कठिन थे।
यशराज, पीलीभीत जनपद
पुलिस भर्ती का पेपर काफी अच्छा रहा। जनपद उन्नाव से परीक्षा देने के लिए यहां आना पड़ा। आने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन पेपर अच्छा होने से अच्छा महसूस हो रहा है। बस रिजल्ट का इंतजार है।
चांदनी, उन्नाव जनपद
-
पिछली बार भी परीक्षा दी थी, लेकिन कैंसिल होने से धक्का लगा था। इस बार भी परीक्षा काफी अच्छा रहा। छह महीने और तैयारी का मौका मिला गया। उम्मीद है कि रिजल्ट अच्छा ही आएगा, बस पेपर कैंसिल न हो
-मुरारी, बिहार राज्य
-
रीजनिंग के सवालों ने थोड़ा उलझाया, बाकी पेपर बहुत अच्छा हुआ है। बढ़िया रिजल्ट आने की उम्मीद है। कुछ समय कम पड़ गया, जिसकी वजह से एक दो प्रश्नों के उत्तर देने से छूट गए।
-प्रमोद गुर्जर, शाहजहांपुर जनपद
पुलिस परीक्षा छूटने के बाद बाहर निकलते अभ्यर्थी। संवाद