लखीमपुर खीरी। ठगों ने शहर के संकटा देवी निवासी युवक को निशाना बनाया। नामी ज्वैलर्स की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर पीड़ित से करीब 29.20 लाख रुपये ठग लिए। रुपये भेजने के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने तीन नामजद और चार अज्ञात आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
मोहल्ला संकटा देवी निवासी शशांक गुप्ता ने सदर कोतवाली में दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि उन्होंने कल्याण ज्वैलर्स की फ्रेंचाइजी के लिए गूगल पर ऑनलाइन आवेदन किया था। वहां से काल करके पांच लाख रुपये फ्रेंचाइजी कोष में जमा करने को कहा गया। पीड़ित ने बताए गए खाते में रुपये भेज दिए। खाता विनोद गुप्ता के नाम से था।
पांच लाख रुपये जमा होने के बाद रवि यादव नाम का व्यक्ति एजेंट बनकर उनकी दुकान पर आया। बाद में सिक्योरिटी के नाम पर 20 लाख और एनओसी के नाम पर 4.20 लाख रुपये जमा कराए गए। आरोप है कि रुपये जमा करने के दौरान रवि यादव और अन्य लोगों से फोन पर बात होती रही।
धनराशि विनोद कुमार और आलोक रंजन के खाते में भेजी गई। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने आठ नवंबर को एसपी से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर सदर कोतवाली पुलिस ने रवि यादव, विनोद कुमार, आलोक रंजन व तीन अज्ञात आरोपियों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।