लखीमपुर खीरी। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को आवासीय अटल विद्यालय में नि:शुल्क आवासीय शिक्षा देने के लिए बुधवार को प्रवेश परीक्षा कराई गई। परीक्षा में कक्षा नौ और छह के 199 बच्चों ने प्रतिभाग किया, जबकि नौ बच्चे गैरहाजिर रहे।
आवासीय अटल विद्यालय में प्रवेश परीक्षा के लिए राजकीय इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा के लिए 208 छात्र-छात्राओं में कक्षा छह के 134 और कक्षा नौ के 74 बच्चों का पंजीकरण था। इसमें बुधवार को 199 बच्चों ने परीक्षा दी। इसमें कक्षा छह के 130, जबकि कक्षा नौ के 69 बच्चे परीक्षा शामिल हुए। कक्षा नौ में पांच और कक्षा छह में चार बच्चे कुल नौ बच्चे गैरहाजिर रहे।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी संतोष त्रिपाठी ने बताया कि कक्षा छह में 77 छात्र व 53 छात्राएं, वहीं कक्षा नौ में 39 छात्र और 30 छात्राओं ने परीक्षा दी। पहले यह व्यवस्था सिर्फ कक्षा छह के बच्चों के लिए थी, लेकिन इस पर कक्षा नौ को भी शामिल किया गया है।