लखीमपुर खीरी/धनगढ़ी-नेपाल।
नेपाल में आगामी माह में होने वाले प्रतिनिधि सभा और प्रदेश सभा (विधायक-सांसद) के निर्वाचन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस की भर्ती (अस्थाई)के लिए पहली बार युवतियों और महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। कैलाली जिले में पुलिस जवान की 2450 भर्ती के लिए 9800 युवक-युवतियों ने आवेदन भरे। पुलिस जवान की भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बता दें कि नेपाल में आगामी माह 26 नवंबर और सात दिसंबर को होने वाले प्रतिनिधि और प्रदेश सभा (विधायक-सांसद) के चुनाव होने है। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर पुलिसकर्मियों की कमी के चलते नेपाल भर में 55 दिनों के लिए पुलिस की भर्ती (अस्थाई)करने के निर्देश दिए गए। जिसको लेकर कैलाली जिले में पुलिस जवानों की भर्ती शुरू हो गई। धनगढ़ी के कैलाली अंचल पुलिस कार्यालय, काफ्ला क्रिकेट मैदान और रंगशाला मैदान में जवानों की भर्ती के लिए प्रक्रिया चल रही है। बताया गया है कि 2450 पुलिस जवानों की भर्ती के लिए 9800 लोगों ने आवेदन किये हैं, जिसमें 18 से 50 वर्ष की युवतियों और महिलाओं ने सबसे अधिक आवेदन किए हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि पुलिस की भर्ती के लिए युवतियां और महिलाएं आगे आईं हैं। बता दें इनकी भर्ती चुनाव संपन्न कराने के लिए केवल 55 दिनों के लिए ही हो रही है, जिसके लिए सरकार इनको पुलिस के बराबर सैलरी देगी। साथ ही राशन, भत्ता, यूनिफार्म भी उपलब्ध कराएगी।