लखीमपुर खीरी। आबकारी विभाग ने करीब पांच वर्ष से गोदाम में रखी 1866 पेटी अंग्रेजी शराब नष्ट करा दी। इस शराब की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। बोतलों को जेसीबी से तोड़कर मिट्टी में दबा दिया गया। यह कार्रवाई आबकारी डिप्टी कमिश्नर, एसडीएम धौरहरा व आबकारी अधिकारियों की मौजूदगी में हुई।
जिला आबकारी अधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2017-18 की करीब 1866 पेटी अंग्रेजी शराब को बिक्री की अनुमति नहीं मिली थी। शराब को गोदाम में रखवाया गया था। इस शराब के निराकरण के लिए एक कमेटी भी गठित थी। शासन ने शराब को नष्ट करने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में शनिवार को डिप्टी कमिश्नर लखनऊ विजय मिश्रा, एसडीएम धौरहरा धीरेंद्र सिंह व आबकारी निरीक्षक राज पैलेस के पास गोदाम पर पहुंचे। गोदाम में रखी शराब को बाहर निकलवाया गया और जेसीबी से नष्ट करा दिया। बाद में इसे मिट्टी में दबा दिया गया।
बताया कि इन शराब की बोतलों पर होलोग्राम लगा था। अब बोतलों पर बार कोड होता है। इसी बार कोड से शराब के संबंध में जानकारी मिलती है। बिक्री की अनुमति न मिलने की वजह से शराब नष्ट कराई गई है। इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। उधर, शराब की बोतलें नष्ट की जाती देख लोगों की भीड़ जमा हो गई।