808 बोरी नकली खाद, 7688 यूनिट कीटनाशक समेत 100 नई खाली बोरियां मिलीं
लखीमपुर खीरी। मैगलगंज में तीसरे गोदाम को खोले जाने के बाद सोमवार की रात तक बरामद माल की गिनती कराई गई, जहां पर कीटनाशक का जखीरा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। कृषि अधिकारी ने विभिन्न ब्रांड खाद के 18 नमूने भरे और कीटनाशक दवाओं के पांच नमूने भरे हैं।
जिला कृषि अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि तीसरे गोदाम से डीएपी, एनपीके, पोटाश आदि की करीब 808 बोरियां बरामद हुई हैं। मोनो जिंक के सैकड़ों पैकेट मिले हैं। कृभको ब्रांड की 100 नई खाली बोरियां मिलीं हैं। गोदाम से दो बाइक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू मिला है। इसके अलावा 26 ब्रांड नाम के कीटनाशक मिले हैं, जिनमें अलग-अलग वजन के करीब 7688 यूनिट कीटनाशक बरामद किए गए हैं। नमूना भरने व गिनती के बाद गोदाम को सीज करके पुलिस की अभिरक्षा में दिया गया है। कृषि अधिकारी ने बताया कि यहां भी खाद व कीटनाशक के लाइसेंस के बिना अवैध रूप से कारोबार किया जा रहा था। डीएम से अनुमति प्राप्त कर संबंधित आरोपियों के खिलाफ जल्द ही मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।