जख्मी मादा हाथी टेरेसा की हालत में सुधार
मैलानी। चलतुआ गांव में कांबिंग के दौरान बाघ के हमले से घायल हुई हाथी टेरेसा की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। बता दें कि कर्नाटक से आए भीरा कैंप में रह रहे हाथी टेरेसा और डायना को चलतुआ में बाघ की तलाश में कांबिंग के लिए भेजा गया था। कांबिंग के दौरान गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने हाथी टेरेसा पर हमला कर दिया था, जिससे गुस्साए टेरेसा ने बाघ को सूंड़ में लपेटकर पटक दिया था। इससे गुस्साए बाघ ने हाथी पर हमला कर दिया। हमले में टेरेसा के सूंड़ में जख्म हो गया था। भीरा एलीफैंट कैंप प्रभारी मैलानी सेंक्चुरी रेंजर नसीम अहमद ने बताया कि हमले के बाद कर्नाटक के दोनों हाथियों को वापस भीरा कैंप भेज दिया गया था। तब से डब्ल्यूटीआई के डॉ. दया की टीम टेरेसा का इलाज कर रही है। रेंजर नसीम अहमद ने बताया कि टेरेसा का जख्म अब करीब साठ प्रतिशत ठीक हो चुका है और उसकी हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। अब सलूकापुर के दो हाथी की मदद से चलतुआ में बाघ की निगरानी की जा रही है।