गैस सिलिंडर में आग लगने से अफरातफरी
मैलानी। चाय बनाते समय गैस सिलिंडर में आग लगने से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। आग बुझने के बाद मोहल्लावासियों ने राहत की सांस ली।
मोहल्ला धर्मशाला निवासी शानू की मां शनिवार शाम साढ़े छह बजे घर पर गैस चूल्हे पर चाय बना रही थीं। इसी बीच पाइप के पास से आग निकलता देख उन्होंने रेग्यूलेटर बंद करना चाहा, तो रेग्यूलेटर बंद होने के बजाय घबराहट में पाइप ही हाथ से निकल गया। यह देख वह घबरा गईं, घर में चीख-पुकार मच गई और मौके पर तमाम मोहल्लावासी एकत्रित हो गए। काफी कोशिशों के बाद भी सिलिंडर की आग न बुझने पर सिलिंडर घर के बाहर लाया गया और पास पड़ोसियों ने गैस एजेंसी पर फोन किया, एजेंसी स्वामी अशोक अरोड़ा ने फौरन दो अग्निशमन यंत्र मौके पर भेजे, जिससे सिलिंडर में लगी आग बुझाई जा सकी, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। ब्यूरो