लखीमपुर खीरी। गर्मी का मौसम शुरू होते ही इसके दुष्प्रभाव भी सामने आने लगते हैं। गर्मी बढ़ने पर योग के जरिए विभिन्न यौगिक क्रियाओं को करके गर्मी से बचा जा सकता है। यह बातें योग वेलनेस सेंटर लखीमपुर के योग प्रशिक्षक योगी कुलदीप वर्मा ने तीन दिवसीय योग शिविर उच्च प्राथमिक विद्यालय मुड़ियाखेड़ा के शुभारंभ में बच्चों एवं अध्यापकों के बीच कही। योगी कुलदीप ने कहा कि गर्मी के मौसम में गर्मी का प्रभाव खासकर छोटे बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों पर देखने को मिलता है। आमतौर पर शरीर मे जलतत्व की कमी गुणात्मक ढंग से होने लगती है। तब पानी का समुचित मात्रा में प्रयोग करना चाहिए। साथ ही गर्मी के दुष्प्रभाव को कम करने वाले कॉटन के कपड़ों का प्रयोग करें। प्रात: काल योग व्यायाम का अभ्यास कुशल योग प्रशिक्षक के निर्देश में करना चाहिए। यौगिक अभ्यास एवं प्राणायाम शरीर में ऑक्सीजन का स्तर बनाए रखने में मदद करता है। अनुलोम विलोम, शीतली, शीतकारी प्राणायाम से शरीर में गर्मी से लड़ने की क्षमता का विकास होता है। साथ ही खाने में सलाद को शामिल करें तेल मसाला से परहेज करके दिनभर खूब पानी पिएं इस तरह गर्मी से बचा जा सकता है।