फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: स्कूलों में 12 रजिस्टर होंगे डिजिटल

Tue, 01 Aug 2023 11:25 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। सरकारी कार्यालयों को डिजिटल बनाने के बाद अब जिले के परिषदीय विद्यालयों को पेपरलेस बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। विद्यालयों में डिजिटल पठन-पाठन की व्यवस्था को आगे बढ़ाने के साथ ही अब आवश्यक दस्तावेज व रजिस्टर के डिजिटलाइजेशन करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कुछ दिनों के बाद विद्यालयों में इस्तेमाल किए जाने वाले 12 रजिस्टरों को डिजिटल कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

परिषदीय विद्यालयों में अभी तक तमाम रजिस्टरों का बोझ होता है। अध्यापक के सेवानिवृत्त होने या पद बदल जाने के बाद विद्यालय का चार्ज दूसरे अध्यापक को देने में कई दिन का समय लग जाता था। वहीं, तमाम कागजी कार्यवाही की पूरी करनी पड़ती थी, लेकिन अब इसे समाप्त करने के लिए स्कूलों में चलने वाले 12 रजिस्टरों को डिजिटल करने की तैयारी शुरू हो गई है।
इनमें प्रयोग किए जाने वाले प्रवेश, कक्षावार छात्र उपस्थिति, एमडीएम रजिस्टर, समेकित निशुल्क सामग्री वितरण व स्टॉक रजिस्टर डिजिटाइज किए जाएंगे। साथ ही आय-व्यय व चेक जारी करने वाला रजिस्टर, बैठक, निरीक्षण, पत्र व्यवहार, बाल गणना, पुस्तकालय व खेलकूद रजिस्टर को भी डिजिटाइज किया जाएगा। इसके लिए प्रेरणा पोर्टल की सहायता ली जाएगी। शिक्षक व प्रधानाध्यापक स्मार्टफोन के जरिये सभी सूचनाओं को अपलोड करेंगे।
विज्ञापन


अधिकारी किसी भी समय कर सकेंगे निरीक्षण
परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान बीएसए बीईओ व अन्य अधिकारियों को तमाम दस्तावेज चेक करने पड़ते हैं। कई बार अध्यापक इन्हीं दस्तावेजों से छेड़छाड़ करते हुए जांचों को प्रभावित करते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं हो पाएगा। पोर्टल पर सूचनाएं अपलोड करने के बाद डीएम और राज्य स्तर का कोई भी अधिकारी इससे संबंधित सूचनाओं को प्रेरणा एप पर देख सकेंगे।

जल्द ही अध्यापकों को दिए जाएंगे टैबलेट
प्रेरणा पोर्टल पर परिषदीय विद्यालयों की सूचना को अपलोड करने के लिए विद्यालयों के अध्यापकों को टैबलेट देने की तैयारी शासन स्तर से शुरू कर दी गई है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक जल्द ही अध्यापकों के पास टैबलेट पहुंच जाएंगे, जिससे उन्हें सूचनाएं अपलोड करने में आसानी होगी।

शासन स्तर पर विद्यालयों की रजिस्टरों को ऑनलाइन कराने की कवायद चल रही है। स्थानीय स्तर पर भी इसको लेकर अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आने वाले कुछ दिनों में सारी जानकारी ऑनलाइन अपलोड करने का कार्य शुरू हो जाएगा। जब तक विद्यालयों को टैबलेट नहीं मिल पाते हैं तब तक थोड़ी परेशानी हो सकती है। -प्रवीण कुमार तिवारी, बीएसए खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें