खीरी टाउन। नकहा चौकी के जगसड़ इंडियन बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के भाई से बदमाशों ने 1.13 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर चाकू मारकर घायल कर दिया। वारदात को मठियापुरवा क्रशर के पास अंजाम दिया गया। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने भी घटनास्थल पहुंचकर जायजा लिया।
जगसड़ निवासी राकेश कुमार मौर्य गांव में ही इंडियन बैंक में ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करते हैं। सोमवार की दोपहर बाद उनका चचेरा भाई 25 वर्षीय रामप्रताप इंडियन बैंक शाखा नकहा से 1.13 लाख रुपये लेकर बाइक से गांव के ग्राहक सेवा केंद्र पर आ रहा था। रास्ते में मठिया पुरवा क्रशर के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया और रुपये लूटकर भाग गए।
घायल रामप्रताप ने खीरी पुलिस को लूट की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की, जिसके बाद घायल को जिला अस्पताल भेजा गया। उधर, लूट की सूचना प्रकार पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा, सीओ सिटी संदीप सिंह व इंडियन बैंक के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
एसपी ने थाना प्रभारी राजू राव को घटना का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। खीरी थाना प्रभारी राजू राव ने बताया कि छानबीन कर रहे हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।