लखीमपुर/ सिकंदराबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र के ग्राम टिकौला से जल जीवन मिशन की टंकी के 11 सोलर पैनल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन बुधवार को केवल चार लोगों का चालान भेजा है।
चार अप्रैल को साइट सुपरवाइजर प्रभू सिंह निवासी ग्राम पंसा थाना हैदरनगर जनपद पलामू झारखंड ने नीमगांव पुलिस को तहरीर देकर ग्राम टिकौला में पानी की टंकी से 550 वाट के 11 पैनल सोलर चोरी होने की सूचना दी। घटना के दो दिन बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।
वीडियो में चोर पिकअप में पैनल लादते हुए दिखाई दे रहे थे। साथ ही गाड़ी नंबर मिलने के बाद पुलिस के लिए चोरों को पकड़ना और आसान हो गया था। पुलिस ने राजकुमार, पुष्कर, रामप्रकाश व अनुराग का चालान भेजा है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी गए 11 सोलर पैनल और पिकअप बरामद की है।