मैलानी। आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त रूप से यहां रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन और जहरखुरानों के प्रति जागरूक किया।
आरपीएफ एसआई चंद्रिका यादव ने प्लेटफार्म पर 52256 मैलानी-बहराइच पैसेंजर के यात्रियों को रेलयात्रा के दौरान अपरिचित कोई चीज न खाने, महिला, विकलांग कोच में यात्रा न करने, धूम्रपान न करने, लावारिस वस्तुओं की सूचना आरपीएफ, जीआरपी को देने की बाबत बताया। उन्होंने महिलाओं से कोई परेशानी होने पर टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 182 और 1322 पर सूचना देने की अपील की। बताया कि रेल परिसर में गंदगी फैलाना, अश्लील हरकतें करना, नशे की हालत में होना, ट्रेन में खतरे की जंजीर का दुरुपयोग करना दंडनीय अपराध है। इस मौके पर जीआरपी चौकी प्रभारी माहिर अब्बास, कांस्टेबिल संजय यादव, पुरुषोत्तम कुमार, आरपीएफ एएसआई हिम्मत सिंह, कांस्टेबिल तुलाराम, देवेंद्र कुमार, अनेश चौहान, प्रेम किशोर आदि मौजूद रहे।