रामकोला। लक्ष्मीगंज के समीप शनिवार की रात छपरा गोमती नगर ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हो गई। रेलवे लाइन के किनारे लाश देख लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, युवक लखनऊ जाने के लिए घर से निकला था। मौत के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के सेमरा हरदोई गांव के रहने वाले मंजूर अली (26) लखनऊ में काम करते है। वह लखनऊ जाने केे लिए घर से निकले और छपरा गोमती नगर ट्रेन से जा रहे थे। रविवार को सुबह उनका शव रामकोला थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगंज के समीप लोगों ने देखा। शव की खबर मिलते ही गांव वालों की भीड़ जुट गई। सूचना पर लक्ष्मीगंज चौकी से पहुंची पुलिस ने युवक के जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। कुछ देर बाद मृतक के पिता आशिक अली पहुंचे और शव की पहचान कर पूरी बात पुलिस को बताई। लक्ष्मीगंज चौकी इंचार्ज शिवम द्विवेदी ने बताया कि सफर के दौरान युवक के ट्रेन से गिरने की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।