तमकुहीरोड। सेवरही थाना क्षेत्र के दवनहा ग्राम सभा से होकर बह रही मुख्य पश्चिमी गंडक नहर में नहाने गया 19 वर्षीय युवक लापता हो गया। इसकी जानकारी होते ही सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सेवरही पुलिस भी सूचना पाकर मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की नहर में काफी देर तक तलाश कराई गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इस घटना के बाद से परिजनों में चीख-पुकार मच गई है।
दवनहा के परती टोला निवासी मंजूर अंसारी का पुत्र नवाब अंसारी मंगलवार शाम करीब चार बजे घर जा रहा था। रास्ते में उसने कुछ लड़कों को बड़ी गंडक नहर पुल के पास नहर में नहाते देखा। वह भी कपड़े व चप्पल पुल के पास छोड़कर नहर में कूद गया। थोड़ी ही देर बाद वह पानी में बहने लगा। बच्चे चिल्लाते हुए नहर के बाहर निकल आए और इसकी सूचना गांव के लोगों को दी।
जानकारी होते ही नहर पुल पर सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की सूचना पर पहुंचे सेवरही एसएचओ दिग्विजय नारायण राय ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में डूबे युवक की तलाश कराई, लेकिन काफी देर बाद भी युवक का पता नहीं चल सका। इसके बाद एसएचओ ने एसडीआरएफ टीम को घटना की सूचना दे दी है। बुधवार को एसडीआरएफ टीम नहर में डूबे युवक की खोजबीन करेगी।