तुर्कपट्टी। ग्रामसभा छहूं निवासी 34 वर्षीय नंदू की कानपुर में हुई दुर्घटना में मौत हो गई। बुधवार को सूचना मिलने पर परिवार में चीख-पुकार मची है।
जानकारी के अनुसार, छहूं के चनउ टोला निवासी नंदू कानपुर में एक प्लाईवुड बनाने की कंपनी में काम करते थे। प्रतिदिन की तरह रविवार की शाम फैक्ट्री से अपने कमरे पर जा रहे थे। उसी दौरान रास्ते में किसी वाहन की चपेट में आकर वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बताया जा रहा है कि उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। हालांकि रविवार की शाम को उनका हाल-चाल जानने के लिए पत्नी ने फोन किया था, लेकिन फोन नहीं लगा। तीन दिन बाद मंगलवार की शाम को नंदू जिस कमरे में रहते थे। वहां से एक्सीडेंट की सूचना मिली। इसके बाद पत्नी सुनीता देवी व पुत्र सागर कानपुर पहुंचे। जूते-मोजे से नंदू के शव की पहचान की और कानपुर में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया।