खड्डा। भोजन पर बुलाकर पिटाई से घायल युवक की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान शनिवार की रात मौत हो गई। इससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। गांव वाले हनुमानगंज पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाने लगे। दो पक्ष का मामला होने से एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हनुमानगंज थाना क्षेत्र की ग्रामसभा हनुमानगंज के गंगवाछपरा टोला में 21 फरवरी की रात को 20 वर्षीय राजेश चौहान को गांव के ही तबारक अली ने भोजन पर बुलाया था। आरोप है कि वहां राजेश को कमरे में बंद कर पीटा गया और अधमरा कर पास की झोपड़ी में फेंक दिया गया। दूसरे दिन इसकी जानकारी होने पर घर वाले मेडिकल कॉलेज ले गए। हालत गंभीर होने पर राजेश को डॉक्टर ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज चल रहा था। पुलिस इस मामले में राजेश के पिता इंद्रजीत की तहरीर पर तबारक अली, साबिर, मुबारक, रहीमुल, निजामुद्दीन, रहीम, फूलेमान, इंताज पर प्राण घातक हमला, बलवा का केस दर्ज कर शांतिभंग में चालान किया था।
शनिवार की देर रात राजेश की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसकी जानकारी रविवार को सुबह गांव क लोगों को हुई तो राजेश की दरवाजे पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी सक्रिय हो गई और चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया। तनाव को देखते हुए आरोपी के दरवाजे और गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस आरोपियों को शुरू से बचा रही है और जेल भेजने के बजाए शांतिभंग में कार्रवाई की है। जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
आरोपी के घर की महिला से युवक के अवैध संबंध की चर्चा
-गांव में चर्चा है कि राजेश का गांव की ही चार बच्चों की मां से संबंध था। राजेश का उसके घर अक्सर आना-जाना होता था। यह मामला थाने तक भी पहुंच चुका है। महिला थाने में समझौता कर राजेश को छुड़ा लाती थी। पुलिस की मानें तो युवक घटना की रात महिला के घर मौजूद था। उसी बीच उसका पति पहुंच गया और युवक के साथ मारपीट हुई थी।
-आरोपी के घर युवक का अक्सर आना-जाना रहता था। उस परिवार की एक महिला से उसकी काफी नजदीकी होने की चर्चा गांव में है। घटना के दिन युवक के पिता की तहरीर पर केस दर्ज किया गया था। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई है। दो वर्ग का मामला होने से गांव में फोर्स तैनात की गई है। दर्ज मुकदमे में धारा बढ़ा दी जाएगी। -उमेश चंद भट्ट सीओ, खड्डा
हत्या की धारा बढ़ाने पर होगा शव का अंतिम संस्कार
खड्डा। बसपा नेता शुभ नारायन चौहान रविवार को मृतक राजेश के घर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जबतक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के गंगवा छपरा गांव निवासी युवक राजेश चौहान की पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत का मामला तूल पकड़ने लगा है। रविवार को बसपा नेता शुभ नारायन चौहान मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर सांत्वना दिया। उन्हाेंने हनुमानगंज पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस मामले में पक्षपात कर रही है। पुलिस गंभीर मामले के ग्यारह दिन तक खामोश बैठी रही और जब मौत हो गई है तो कार्रवाई का झूठा दिखावा कर रही है। उन्होंने कहा कि जबतक मामले में दर्ज केस में हत्या की धारा नहीं बढ़ा दी जाती व आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं होगा।