मंसाछापर। जटहां बाजार थाना क्षेत्र के कंठीछपरा गांव के 25 वर्षीय युवक की बिहार के देवीपुर में अपनी ससुराल में बृहस्पतिवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल वालों ने शव को उसके गांव कंठी छपरा पहुंचा दिया। शुक्रवार की सुबह घरवाले शव को लेकर बिहार के धनहा थाने पहुंच गए और हत्या की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ससुराल पक्ष के लोग फंदा लगाकर आत्महत्या की बात कह रहे हैं।
जानकारी के अनुसार कंठीछपरा के उपेंद्र तीन दिन पहले अपनी ससुराल धनहा थाना क्षेत्र के देवीपुर गए थे। दस दिन पहले उनकी पत्नी रानी घर आई थी। बृहस्पतिवार की देर रात को संदिग्ध परिस्थितियों उपेंद्र की मौत हो गई। ससुराल के लोग शव को निजी वाहन से लेकर देर रात कंठी छपरा पहुंचाकर चले गए। युवक के परिजन शुक्रवार की सुबह शव को लेकर धनहा थाना पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बगहा भेज दिया।
उपेंद्र की पत्नी रानी का कहना है कि उनके पति उपेंद्र राजभर ने शराब पीकर उसके साथ मारपीट की। हम लोग खेत में काम करने के लिए चले गए तो यह घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उपेंद्र ससुर ईश्वर राजभर एवं दो लड़के बाहर रहकर काम करते हैं। ससुराल में सास, उसकी पत्नी एवं पत्नी के बाबा रहते हैं। धनहा एसओ धर्मवीर भारती ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।