बनकटा बाजार। चौराखास थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोइलसवा बुजुर्ग के चौहान टोला के युवक की तबीयत बिगड़ने से पुणे मे मौत हो गई। इसकी जानकारी होने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
कोइलसवा बुजुर्ग के चौहान टोला निवासी राधेश्याम चौहान (35) एक वर्ष पहले पुणे के केशनाथ शहर में रोजी-रोजगार के सिलसिले में गए थे। एक माह पहले उन्होंने पत्नी व बच्चों को भी बुला लिया था। शुक्रवार को ड्यूटी पर जाने के दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई। पत्नी की सूचना पर साथ काम करने वाले लोग पहुंचे और राधेश्याम को लेकर अस्पताल गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। राधेश्याम चौहान का एक वर्ष का बेटा है और तीन नाबालिग बेटियां हैं। संवाद