बांसी नदी में डूबने से युवक की मौत
तमकुहीरोड। सेवरही के शिवाघाट पर अपने परिवार के साथ जिउतिया पर्व के अवसर पर शाम को युवक स्नान करते समय बांसी नदी में डूूब गया। उसके बाद वहां चीख-पुकार मच गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला गया। देर शाम लोग उसे सेवरही सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बनवरिया गांव के लोग रविवार को सेवरही के शिवाघाट पर जिउतिया पर्व के अवसर पर स्नान करने आए थे। उसी में अपने परिवार के साथ रामानंद शर्मा का पुत्र तूफानी शर्मा (18) भी आया था। शाम को लगभग चार बजे उसके परिवार के लोग स्नान कर रहे थे। वह भी नदी में स्नान करने लगा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जब परिवार के लोग स्नान कर चुके तो उन्होंने युवक का कपड़ा किनारे पड़ा देखा। उसके बाद वे लोग सन्न रह गए और उसकी खोजबीन में जुट गए।
मौके पर मौजूद सेवरही पुलिस भी तूफानी की खोजबीन में जुट गई। नाव से तलाश की जाने लगी। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस को वह मिला। उसको को सेवरही सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सेवरही पुलिस चौकी इंचार्ज राजेश कुमार मिश्र का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।