बिहार के कटेया थाना क्षेत्र के भागीपट्टी गांव के भगवानपुर टोले में शनिवार देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। पेड़ पर चढ़कर नेनुआ तोड़ रहा 27 वर्षीय युवक हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलसकर नीचे गिर पड़ा। परिजन उसे समउर बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, भगवानपुर टोला निवासी दीनदयाल यादव शनिवार देर शाम घर से करीब सौ कदम की दूरी पर स्थित एक पेड़ पर चढ़कर नेनुआ तोड़ रहा था। इसी दौरान वह पेड़ से होकर गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह झुलसकर नीचे गिर पड़ा। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, परिजन ने किया हंगामा
युवक का शव लेकर घर पहुंचे परिजन ने हादसे के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए हंगामा किया। इसी बीच किसी ने बिहार पुलिस की डायल-112 सेवा पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कटेया थाने को घटना की जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। रात करीब नौ बजे कटेया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।