जौरा बाजार। पटहेरवा थाना क्षेत्र के परसौनी के टोला भटवलिया के पास कच्ची सड़क को बराबर कर रहे जेसीबी की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोग उसे अस्पताल भेजवाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसकी मौत हो गई। सूचना पर आई पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना के बाद मौका पाकर जेसीबी चालक जेसीबी को लेकर पास के ईंट-भट्ठे पर चला गया। चौरा खास थाना क्षेत्र के जौरा बाजार निवासी 38 वर्षीय राकेश यादव शनिवार की सुबह करीब आठ बजे किसी काम से गया था। भटवलिया के पास पहुंचा ही था कि कच्ची सड़क को एक चालक जेसीबी से बराबर कर रहा था। उसी दौरान राकेश जेसीबी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौजूद लोग अभी घायल राकेश को अस्पताल भेजवाने की व्यवस्था में लगे थे, उसी दौरान घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई।