दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बांसगांव बैरिया निवासी दो युवक समेत तीन लोग 3 अप्रैल को हैदराबाद में करंट की चपेट में आकर झुलस गए थे। मंगलवार को एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। युवक की मौत की जानकारी होने पर परिजनों में चीखपुकार मच गया।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बांसगांव बैरिया निवासी सुखल (60), उनके पुत्र उपेंद्र (40) और गांव निवासी सुरेंद्र (38) पुत्र शिवधारी शीशा फीटिंग करने दो माह पूर्व हैदराबाद गए थे। तीनों हैदराबाद के श्रीराम नगर में रहते थे। तीन अप्रैल की सुबह नौ बजे अपने कमरे पर तीनों पांचवीं मंजिल से डिश का केबल फेंक रहे थे कि डिश का केबल 33 हजार वोल्ट की मेन सप्लाई में चिपक गया। इससे तीनों करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। मौजूद लोगों ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार को उपचार के दौरान सुरेंद्र कुमार की मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। जबकि सुखल व उपेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है।