यूपी और बिहार की सीमा पर पुलिस को मिली कामयाबी
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। यूपी और बिहार की सीमा पर बिहार के धनहा की पुलिस ने पडरौना निवासी युवक को प्रतिबंधित बोर की पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। उसका साथी बिहार पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। कुशीनगर पुलिस की मदद लेकर धनहा पुलिस छानबीन में जुटी है।
सोमवार की सुबह आठ बजे बिहार के धनहा थाना की पुलिस दहवा-बांसी पुल पर संदिग्धों की जांच कर रही थी। उसी समय बाइक सवार दो युवक पहुंचे। पुलिस ने उनकी तलाशी लेनी चाही तो वह भागने लगे। पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी यूपी की सीमा में घुसकर कहीं भाग गया। पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से प्रतिबंधित बोर (नाइन एमएम) की एक पिस्टल और कारतूस बरामद हुआ। युवक की पहचान कोतवाली पडरौना के खिरकिया अमवा फार्म निवासी तैयब अंसारी के रूप में हुई।
इस संबंध में बगहा के एसपी किरण कुमार गोरख जाधव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक के दूसरे साथी की तलाश कुशीनगर पुलिस की मदद से की जाएगी। पकड़े गए युवक का आपराधिक इतिहास कुशीनगर पुलिस से मांगा गया है।