गोरखपुर। जहर खाकर जान देने की कोशिश करने वाले किशोर का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। किशोर के पिता मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि बेहतर शिक्षा के लिए 12वीं में पढ़ने वाले 17 साल के बेटे को क्षेत्र के एक निजी स्कूल में दाखिला दिलाया। इसकी यह हालत देखकर अब जान की सलामती की दुआ मांग रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज में देखभाल कर रहे भाई ने बताया कि वह सुबह तैयार होकर स्कूल जाता और शाम को कोचिंग पढ़कर घर लौटता था। अचानक उसके जहर खाने की जानकारी होने पर सब लोग सन्न रह गए। घर में न तो किसी से विवाद हुआ था और न ही कोई अन्य ऐसी बात थी, जिसके चलते उसने आत्महत्या की कोशिश की। भाई ने बताया कि इलाज के बाद अब उसकी हालत में काफी सुधार है। वह कुछ बोलने को तैयार नहीं है। हालांकि, पड़ोस की ही लड़की से उसका नाम जोड़ा जा रहा है। उससे क्या संबंध है इसकी जानकारी नहीं है। जब वह पूरी तरह से ठीक हो जाएगा, तभी सही बात पता चलेगी। फिलहाल पूरा परिवार इस बात की दुआ कर रहा है कि भाई जल्दी ठीक हो जाए। वहीं, इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तिनफेड़िया पुलिस चौकी के दोे सिपाही भी मेडिकल कॉलेज आए हैं। दोनों सिपाही किशोर के ठीक होने के बाद उसके साथ ही लौटेंगे।