कप्तानगंज कस्बे के सुभाष नगर कॉलोनी में रविवार देर रात कुछ युवकों ने घर में घुस कर एक युवक के सिर में गोली मार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद हमलावर फरार हो गए। इस मामले में मृतक के घरवालों की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद समेत पांच युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे प्रेस प्रसंग की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कस्बे में रेलवे क्रॉसिंग के समीप सुभाष नगर निवासी इसराफिल (22) पुत्र जमीर रविवार रात घर में सो रहा था। बगल के कमरे में उसकी मां अमीना खातून और दो बहनें सो रहीं थीं। परिजनों के अनुसार, रात करीब 11:45 बजे पीछे के रास्ते से पांच युवक घर में घुस गए और इसराफिल के कमरे में पहुंच गए। वे उसके मोबाइल फोन से किसी वीडियो-फोटो को हटाने के लिए बहस कर रहे थे। उनकी तेज आवाज में बहस सुनकर अमीना और उनकी दो बेटियों की नींद खुल गई। तीनों जब इसराफिल के कमरे की तरफ गईं तो उन्हें देखकर एक युवक ने इसराफिल के सिर पर असलहा सटाकर गोली मार दी। खून से लथपथ इसराफिल मौके पर ही गिर गया। यह देख घरवाले सन्न रह गए। वे कुछ समझ पाते इससे पहले आरोपी फरार हो गए।
घरवाले तत्काल इसराफिल को लेकर सीएचसी कप्तानगंज पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना की जानकारी होने पर इसराफिल के घर पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। कप्तानगंज एसओ राजकुमार बरवार भी टीम के साथ पहुंच गए। घटनास्थल पर दो जोड़ी चप्पलें भी मिली हैं। माना जा रहा है कि भागते समय किसी आरोपी की चप्पल छूट गई होगी। सोमवार सुबह एसपी धवल जायसवाल ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी सन्नी शर्मा निवासी कप्तानगंज समेत पांच हमलावरों के खिलाफ हत्या आदि गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।