अहिरौली बाजार। नरकटियागंज-गोरखपुर रेलमार्ग पर गांव घोड़ादेउर पांडेय टोला के समीप सोमवार की भोर में करीब साढ़े चार बजे ट्रेन से गिरकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने एंबुलेंस से उसे सीएचसी कप्तानगंज भेजवाया। बेतिया जिले के थाना लौरिया के गांव लौरिया निवासी मुन्ना सिंह (32) अपने भाई अनिल सिंह के साथ ट्रेन से नरकटियागंज से गोरखपुर के लिए जा रहे थे। मुन्ना सिंह ने बताया कि ट्रेन में काफी भीड़ थी। धक्का लगने से वह ट्रेन से गिर गए। सुबह गांववालों की नजर पड़ी तो सूचना अहिरौली बाजार पुलिस को दी। अहिरौली बाजार थाने के एसआई सुदामा यादव और हेड कांस्टेबल सोनदेव यादव मौके पर पहुंच गए और घायल युवक को एम्बुलेंस से इलाज के लिए सीएचसी कप्तानगंज भेजवाया।