पडरौना। कोतवाली क्षेत्र के बलुचहां में एक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। घरवालों को यह बात तब पता चली, जब उसके मुंह से झाग निकलने लगा। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बलुचहां निवासी बंधू का 21 वर्षीय पुत्र चिंटू गोरखपुर में रहकर मजदूरी करता था। नए साल पर वह अपने घर आया था। परिजनों ने बताया कि सोमवार की रात करीब नौ बजे वह घर आया। देर से घर आने की बात पर उसके पिता बंधू ने डांट दिया। कहा जा रहा है कि इससे नाराज होकर चिंटू ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। जब इस बात की जानकारी घरवालों को हुई तो उसे आनन फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पडरौना के कोतवाल सुशील कुमार शुक्ला ने बताया कि बलुचहां निवासी चिंटू ने पिता की डांट से क्षुब्ध होकर कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई।