उजारनाथ। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपने पति पर साले की पत्नी को लेकर भागने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उसने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसका पति मार पीटकर घर से निकाल दिया है और तलाक देने की धमकी दे रहा है।
झनकौल गांव की निवासी पीड़ित महिला फतमुन निशा पत्नी नूरसलाम ने तहरीर में बताया है कि उसका पति उसके भाई की पत्नी को लेकर भाग गया। उसका विरोध किया तो उसे 18 अक्तूबर को बुरी तरह मारा-पीटा और घर से निकाल दिया। गांव के पंचों ने समझाकर घर में रखवाया था, लेकिन पुनः वह उसी औरत को लेकर भाग गया है। फोन से वह बार-बार तलाक देने की धमकी दे रहा है। इमरान, सफी आलम, तबरेज व जरीना खातून उसके पति की मदद कर रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद सभी के विरुद्ध मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। तुर्कपट्टी थाने के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।