संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। क्षेत्र के लखुआ गांव के पास पढ़ने जा रहे कक्षा चार के एक छात्र को बाइक सवार युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति बीच बचाव करने गया तो उससे भी मारपीट की गई। राहगीरों के जुटने पर युवक भाग गए।
वारदात की सूचना मिलने पर पहुंचे स्कूल प्रबंधक ने छात्र और बीच बचाव करने वाले व्यक्ति को तुर्कहा सीएचसी पहुंचाया। वहां उनका उपचार कराया गया। थाना क्षेत्र के ग्राम छितौनी जंगल के टोला छपिया निवासी अर्जुन कुशवाहा खड्डा के एक स्कूल में कक्षा चार का छात्र है। वह साइकिल से बृहस्पतिवार को पढ़ने जा रहा था। अर्जुन ने बताया कि जैसे ही लखुआ गांव के पास नहर की पटरी पर पहुंचा। तभी तीन बाइकों पर सवार नौ लोग आ गए। उन्होंने उसे रोककर नाम पता पूछा। उसके बाद मारपीट करने लगे।
इसी दौरान छात्र के गांव के प्रेम सिंह उर्फ टुन्नु पहुंच गए। वे बीच-बचाव करने लगे, तो बाइक सवार युवकों ने उनसे भी मारपीट की। शोरगुल होने पर उधर से गुजर रहे राहगीरों के रुकने पर युवक भाग गए। वारदात की सूचना पाकर स्कूल प्रबंधक राम प्रताप प्रजापति पहुंचे। उन्होंने छात्र और प्रेम सिंह उर्फ टुन्नू को सीएचसी तुर्कहा पहुंचाया।
इस संबंध में खड्डा एसएचओ अमित शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। छानबीन की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।