पडरौना। चक्रवाती तूफान में पडरौना डिवीजन के खड्डा और छितौनी बिजली उपकेंद्र की लड़खड़ाई बिजली आपूर्ति बहाल कराने में लापरवाही पडरौना के एक्सईएन पर भारी पड़ी है।पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी ने उन्हें निलंबित कर दिया है। इसके अलावा एसडीओ और जेई को चेतावनी मिली है। पडरौना डिवीजन का चार्ज सेवरही के एक्सईएन रामसेवक राम को मिला है। इस कार्रवाई बिजली निगम के जिम्मेदारों में खलबली मच गई है।
करीब 15 दिन पहले चक्रवाती तूफान से पडरौना डिवीजन से जुड़े पडरौना शहर के आसपास और खड्डा, छितौनी बिजली उपकेंद्र से जुड़े 50 से अधिक गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। खड्डा क्षेत्र को छोड़ बाकी जगहों पर एक सप्ताह में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। लेकिन, खड्डा और छितौनी बिजली उपकेंद्र की आपूर्ति 12 दिन बाद भी पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी। इससे नाराज लोगों ने सड़क जाम कर कई दिनों तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली आपूर्ति में देरी की वजह निगम के अफसरों पर उदासीनता का आरोप लगाया।
बताया जाता है कि उच्चाधिकारियों के निर्देश के बावजूद पडरौना डिवीजन के एक्सईएन इंद्रराज यादव सक्रियता नहीं दिखा रहे थे। बिजली नहीं मिलने से परेशान लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल भी इनकी शिकायत की थी। इसको गंभीरता से लेते हुए पूर्वांचल बिजली निगम वाराणसी के एमडी शंभू कुमार ने एक्सईएन इंद्रराज यादव को निलंबित कर दिया। इसके अलावा एसडीओ और जेई को चेतावनी दी गई है।
-
चक्रवाती तूफान के दौरान पडरौना डिवीजन में ठप हुई आपूर्ति बहाल कराने में लापरवाही बरतने में पडरौना एक्सईएन इंद्रराज यादव को एमडी ने निलंबित कर दिया है। सेवरही के एक्सईएन रामसेवक राम को पडरौना डिवीजन का चार्ज दिया गया है। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। -राकेश मोहन, अधीक्षण अभियंता कुशीनगर